ठंड और शीत लहर के मद्देनजर महिला दानदाताओं ने विद्यार्थियों को वितरित किए स्वेटर
कोटद्वार। नगर की समाजसेवी महिला दानदाताओं ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए बढ़ती ठंड और शीत लहर के मद्देनजर शुक्रवार को स्थानीय राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क गर्म स्वेटर वितरित किए।
शिक्षक संतोष नेगी ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा, “इस सराहनीय पहल में उमा जैन, सुशीला गर्ग और श्रीमती ममता ने निजी संसाधनों से 60 विद्यार्थियों को स्वेटर वितरण किए। नए और गर्म स्वेटर पाकर नन्हे विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।”

विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश रावत ने सभी महिला दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सक्षम वर्ग द्वारा किए गए ऐसे प्रयास अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति होने से शिक्षा के स्तर में भी सुधार आता है।
प्रधानाचार्य रावत ने तीनों दानदाताओं का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने कहा कि ठंड के मौसम में गर्म कपड़ों के अभाव में कई बच्चे नियमित रूप से विद्यालय नहीं आ पाते हैं। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई सर्दी के कारण बाधित न हो। समूह की अन्य सदस्यों ने भी बच्चों को मन लगाकर पढ़ने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
गौरतलब है कि विद्यालय में आयोजित सूक्ष्म कार्यक्रम में तीनों दानदाताओं का स्वागत किया गया। विद्यालय के शिक्षकों द्वारा इस कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया गया। वहीं, शिक्षिका सुरभि सचदेवा ने कार्यक्रम में मंच संचालन किया।

