स्कॉलर्स स्पोर्ट्स मीट : फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जीते पदक
कोटद्वार (न्यूज कैम्पस)। उत्तराखंड के कोटद्वार स्टेडियम में ‘स्कॉलर्स एकेडमी एनुअल स्पोर्ट्स मीट 2025’ के फाइनल मुकाबले बुधवार को संपन्न हुए। विद्यार्थियों ने खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने प्रदर्शन ने सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खेल अधिकारी स्टेडियम श्याम सिंह डांगी , वरिष्ठ अधिकारी सुनील रावत, धीरेंद्र सिंह कंडारी ने किया।
प्रधानाचार्या एकता रावत ने जानकारी देते हुए कहा कि कक्षा 6-12 के लिए 01 नवंबर से शुरू हुए स्पोर्ट्स डे के शुरुआती मुकाबले विद्यालय के तत्वावधान में आयोजित हुए। हालांकि, ‘स्कॉलर्स एकेडमी एनुअल स्पोर्ट्स मीट 2025’ के फाइनल मुकाबले कोटद्वार स्टेडियम में आयोजित हुए।
उन्होंने कहा, “सभी स्टूडेंट्स अपनी हाउस यूनिफ़ॉर्म में सुबह 8:00 बजे स्टेडियम पहुँचे, जिसके बाद ट्रैक एवं फील्ड इवेंट बुधवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम गढ़ीघाट कोटद्वार में सम्पन्न हुए। 01 नवंबर से शुरु हुए मुकाबलों में पैसिफिक, अटलांटिक, अर्कटिक और हिंद हाउसेस के स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया। “
इंटर हाउस कप के लिए चारों हाउसेस में जोरदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। मुकाबले के अंत में विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए गए। डायरेक्टर जगमोहन सिंह नेगी, प्रधानाचार्या एकता रावत और कोऑर्डिनेटर प्रीति नेगी ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक देकर अव्वल रहे खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
