ओवैसी-चंद्रशेखर से घबराए अखिलेश यादव? सपा की उम्मीदवारों की पहली सूची पर ओम प्रकाश राजभर ने कसा तंज
सपा की पहली सूची में 5 में से 4 मुस्लिम चेहरे, राजभर ने पूछा- इतनी बेचैनी क्यों है अखिलेश?
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी की ओर से पांच सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होते ही राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ओवैसी और चंद्रशेखर की राजनीतिक सक्रियता से सपा की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने पहली सूची में चार मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिए जाने को इसी राजनीतिक दबाव से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं।
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा कर अखिलेश यादव के गठबंधन की रणनीति पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है, वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी ने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। राजभर ने इसे जल्दबाजी बताते हुए कहा कि जब गठबंधन और सीटों का बंटवारा अभी तय नहीं हुआ है, तो प्रत्याशियों के नाम घोषित करने की इतनी जल्दी क्यों दिखाई जा रही है?
राजभर ने अपनी पोस्ट में कांग्रेस के साथ सीटों के तालमेल को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सपा कांग्रेस को 26 सीटों का संदेश दे रही है, लेकिन दूसरी तरफ सहारनपुर की उन सीटों पर भी उम्मीदवार घोषित कर दिए गए हैं, जहां कांग्रेस नेता इमरान मसूद अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि यह फैसला कांग्रेस के बड़े नेताओं को जवाब देने के लिए है या इमरान मसूद को राजनीतिक संदेश देने के लिए?
ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन को लेकर साधा निशाना
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की जोड़ी को देखते हुए सपा की बेचैनी बढ़ गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि पहली सूची में पांच में से चार मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देना महज संयोग है या फिर मुस्लिम वोट बैंक में संभावित सेंधमारी का डर?
राजभर ने कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर ने अभी चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा ही की है, लेकिन समाजवादी पार्टी की पहली सूची में ही उसका राजनीतिक समीकरण दिखाई देने लगा है। उन्होंने कांग्रेस को भी आगाह करते हुए कहा कि 26 सीटों पर बातचीत के बीच कहीं ऐसा न हो कि सपा धीरे-धीरे कांग्रेस की पसंद वाली सीटों पर भी अपने उम्मीदवार घोषित करती जाए।
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने मंगलवार देर रात उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पांच सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इस सूची के सामने आने के बाद अब विपक्षी दलों के बीच गठबंधन, सीटों के बंटवारे और मुस्लिम मतदाताओं के समीकरण को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है।

