स्कॉलर्स में हुई योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप, खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
कोटद्वार। पदमपुर देवी रोड स्थित स्कॉलर्स एकेडमी स्कूल के तत्वावधान में 6ठी पौड़ी गढ़वाल डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026–27 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। पौड़ी गढ़वाल डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले भर के विभिन्न आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और मंच पर अपने बेहतरीन योगासन कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। चैंपियनशिप के दौरान नन्हे और युवा प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, वृक्षासन, चक्रासन और मयूरासन जैसे कई जटिल एवं कठिन आसनों का प्रदर्शन कर निर्णायकों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न भार और आयु वर्गों में हुई इस कड़ी प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने प्रतियोगिता में शामिल हुए बाल योगियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, “योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि यह एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास को मजबूत करने का भी सबसे श्रेष्ठ साधन है।” इसके साथ ही उन्होंने सफल आयोजन के लिए पूरी आयोजन समिति और प्रतिभागियों को बधाई दी।
रविवार 6 सितंबर को हुए कार्यक्रम में जिला चैम्पियनशिप प्रबंधन टीम की संयोजक डॉ. ज्योति ध्यानी शर्मा, सह-समन्वयक भुवनेश्वर प्रसाद बागसी, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुरेंद्र प्रसाद रयाल, राष्ट्रीय अध्यक्ष-अखिल भारतीय योग संघ डॉ. राकेश प्रसाद सेमवाल के साथ ही स्कूल प्रशासन, एसोसिएशन के पदाधिकारी, योग प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व अभिभावक उपस्थित रहे।
