राष्ट्रीय

दिल्ली विस्फोट: पीएम मोदी ने कहा, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

नई दिल्ली/भूटान (न्यूज कैम्पस)। भारत में दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। भूटान गए पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए अपने भाषण में यह बात कही।

अपने बयान में उन्होंने आगे कहा कि देश की एजेंसियां इस षड्यंत्र की गहराइयों तक जाएंगी। इस भयावह घटना के साजिश कर्ताओं को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।

भूटान में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज मैं यहां बहुत भारी मन से आया हूं। कल शाम दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी के मन को व्यथित कर दिया है। मैं पीड़ित परिवारों का दुख समझता हूं। आज पूरा देश उनके साथ खड़ा है।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं कल रात भर इस घटना की जांच में जुटी सभी एजेंसियों के साथ संपर्क में था। सभी महत्वपूर्ण लोगों के साथ संपर्क में था। जानकारियों के तार जोड़े जा रहे थे। हमारी एजेंसियां इस षड्यंत्र की गहराइयों तक जाएंगी। इसके दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।”

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकियों को यह अल्टीमेटम भूटान से दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को भूटान पहुंचे हैं, जहां वह हिमालयी देश के चतुर्थ नरेश जिग्मे सिंग्ये वांगचुक के 70वें जन्मदिन समारोह में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *